Up News- मऊ की जानी-मानी समाजसेविका और कांग्रेस नेता राना खातून का निधन, कांग्रेस कार्यालय में आज श्रद्धांजलि सभा

Up News- मऊ की राजनीति में अपने दृढ़ नेतृत्व, जनसेवा और संघर्षशील छवि के लिए पहचानी जाने वाली मऊ नगर पालिका परिषद की पूर्व चेयरमैन, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता आदरणीया सुश्री राना खातून जी का सोमवार रात्रि 10:45 बजे मऊ के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से न सिर्फ कांग्रेस पार्टी बल्कि सम्पूर्ण जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।

राना खातून जी लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय थीं और उन्होंने गरीब, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक समाज की आवाज़ बनकर काम किया। वे नारी सशक्तिकरण की समर्थक और मऊ में महिलाओं की अग्रणी नेता मानी जाती थीं। उनका सादा जीवन और स्पष्ट विचारधारा उन्हें जनता के बीच अत्यंत लोकप्रिय बनाती थी।

आज 2:30 बजे कांग्रेस कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा

उनकी स्मृति में आज मंगलवार, 01 जुलाई 2025 को दोपहर 2:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, बुनकर कॉलोनी, मऊ में श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के जिला व शहर स्तर के वरिष्ठ नेता, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, समाजसेवी, कार्यकर्ता, आम नागरिक एवं अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बड़ी संख्या में उपस्थित होने की संभावना है। सभा में सभी लोग उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।

आजमगढ़ में अंतिम दर्शन, शाम 5 बजे नमाज़-ए-जनाज़ा

राना खातून जी का पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद आजमगढ़, सदावर्ती चौक पर अंतिम दर्शन हेतु रखा गया है। नमाज़-ए-जनाज़ा आज शाम 5 बजे वहीं पर अदा की जाएगी, जिसमें परिजनों, शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं सैकड़ों की संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

समाजसेवा और जनहित की लड़ाई में अग्रणी रहीं राना खातून

राना खातून ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा निचले तबके की आवाज़ उठाई। वे कई वर्षों तक मऊ नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रहीं और कांग्रेस पार्टी से विधानसभा चुनाव भी लड़ा। वे महिला अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और अल्पसंख्यकों के हित में हमेशा सक्रिय रहीं।

उनकी विदाई से मऊ जनपद ने एक ऐसी नेता को खो दिया है जिसने राजनीति को सेवा का माध्यम समझा और उसका पालन भी पूरी निष्ठा से किया।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। कांग्रेस परिवार उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

Related Articles

Back to top button