Up News- बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एडीएम ने किया निरीक्षण, बंधों की मरम्मत और राहत चौकियों को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

Up News- अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने शनिवार को दोहरीघाट तहसील के संवेदनशील बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से पहले सभी बंधों की मरम्मत और बाढ़ राहत चौकियों को सुदृढ़ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण किया जाए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि या क्षति को रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सबसे पहले सियरही में निर्माणाधीन बाढ़ राहत शिविर पहुंचे और कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।

इसके बाद उन्होंने चियूटीडाड बाढ़ चौकी, गौरीशंकर घाट बाढ़ चौकी और भारत माता मंदिर के समीप नदी के दबाव वाले स्थानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए जाएं।

गौरीशंकर घाट पर बने सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण करते समय वहां गंदगी पाए जाने पर एडीएम ने नगर पंचायत पर नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही बाढ़ चौकी पर वायरलेस उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस निरीक्षण के दौरान तहसीलदार डॉ. धर्मेंद्र पांडे, लेखपाल संघ अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडे, अवर अभियंता प्रिंस, हरिंदर यादव, अध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समय पर सभी तैयारियां पूरी होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button