UP Sports-प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनकी अपनी काशी के खिलाड़ियों में उत्साह, खेल सुविधाओं के लिए जताया आभार

UP Sports – Athletes from Prime Minister Modi's own constituency, Kashi, are enthusiastic about his historic achievement and have expressed gratitude for the sports facilities.

UP Sports-प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के ऐतिहासिक उपलब्धि पर गुरुवार को काशी के युवा खिलाड़ियों ने परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री मोदी का विशाल पोस्टर तैयार कर हाथों में लेकर स्टेडियम का कई बार चक्कर लगाया। लगातार बधाई और शुभकामनाएं दीं।

जश्न में शामिल राष्ट्रीय खिलाड़ी सुरम्या पाठक, प्रीति पटेल और स्नेहा चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी खेलो इंडिया योजना से खिलाड़ियों को अभूतपूर्व लाभ मिल रहा है। अब उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं। यह कभी उनके लिए केवल सपना हुआ करता था।

युवा खिलाड़ियों ने बताया कि डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में स्थापित हो रहा नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी इस वर्ष से खिलाड़ियों को नई संभावनाएं प्रदान करेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध होंगे। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अभय कुमार दुबे और अंशु रजक ने कहा कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) तथा उदय प्रताप काॅलेज में संचालित ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम का खिलाड़ियों को व्यापक लाभ मिल रहा है। इससे युवा खिलाड़ियों के खेल कौशल में उल्लेखनीय निखार आया है। उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर राजातालाब-गंजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब निर्माण के अंतिम चरण में है। स्टेडियम के पूर्ण होने के बाद वाराणसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर अपनी सशक्त पहचान बनाएगा। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के साथ-साथ आईपीएल मैचों का भी आयोजन होगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अब वे रिकॉर्ड 4400 दिनों से भारत के लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री और वाराणसी के सांसद हैं। इसी उपलब्धि को लेकर उनकी संसदीय क्षेत्र काशी में खिलाड़ियों ने विशेष उत्साह के साथ जश्न मनाकर उन्हें बधाई दी।

Read Also-Pratapgarh News-पेपर लीक, महंगाई और विद्युत आपूर्ति को लेकर सरकार पर साधा निशाना

Related Articles

Back to top button