adevertisment Adevertiisment banner

Varanasi- प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा: सीपी और जिलाधिकारी ने तैयारियों को परखा

Varanasi-  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे की तैयारियों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गहरी नजर है। इन तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए अधिकारियों ने पूरी ताकत लगा दी है।

रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने अधिकारियों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जनसभा स्थल मेहंदीगंज राजातालाब का दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सभा स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और वहीं पर बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष ध्यान

बैठक में पुलिस कमिश्नर ने सभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से गहन विमर्श किया। उन्होंने सभा स्थल के प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। इसके साथ ही मंच और निर्माणाधीन तीन अस्थायी हेलीपैड पर भी पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात करने के लिए कहा गया।

अधिकारियों ने सभा स्थल पर मेडिकल इमरजेंसी की पूरी तैयारी पर जोर दिया और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री के आगमन के समय यातायात व्यवस्था ऐसी बनाई जाए जिससे आम जन को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वीआईपी ड्यूटी में तैनात अधिकारी और पुलिस कर्मी सभा के समाप्ति के बाद ही ड्यूटी स्थल से प्रस्थान करेंगे। इसके अलावा, राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी 8 घंटे की शिफ्ट में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पार्किंग, प्रवेश और निकास स्थलों पर दिशासूचक साइन बोर्ड भी लगाए जाने की योजना है। सभा स्थल पर अग्निशमन वाहन की तैनाती रविवार शाम से ही हो गई। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने वीवीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जनसमूह के नियंत्रण को लेकर दिशा निर्देश दिया।

बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वाराणसी दौरा 11 अप्रैल को प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी से 3884 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1629 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और 2255 करोड़ का शिलान्यास शामिल रहेगा। लगभग ढाई घंटे के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मेहंदीगंज में जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री वाराणसी सुबह 9.30 बजे तक आ जाएंगे।

Related Articles

Back to top button