Bihar Politics Update: डिप्टी CM क्यों नहीं बने निशांत कुमार? नई सरकार बनने के बाद सामने आया पहला बयान
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार बोले- पार्टी को मजबूत करना ही मेरी प्राथमिकता
Bihar Politics Update: बिहार की राजनीति में नई सरकार के गठन के साथ कई तरह की अटकलें और चर्चाएं भी तेज हो गई थीं। खासकर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर यह चर्चा जोरों पर थी कि उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। लेकिन जब नई सरकार का गठन हुआ, तो यह कयास हकीकत में नहीं बदले।
15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार बनी, जिसमें सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं JDU से विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठने लगा कि आखिर निशांत कुमार को यह जिम्मेदारी क्यों नहीं मिली।
शपथ ग्रहण के बाद निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के साथ दफ्तर पहुंचे और इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की। हालांकि उन्होंने डिप्टी सीएम न बनने के सवाल पर सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता पार्टी को मजबूत करना है।
निशांत कुमार ने कहा कि वह जनता दल यूनाइटेड (JDU) को और मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता ने पिछले 20 वर्षों में जो काम किए हैं, उन्हें वह जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके पिता के जो अधूरे सपने हैं, उन्हें पूरा करना ही उनका लक्ष्य है।
Bihar Politics Update: बिहार में सियासी हलचल तेज! अगला CM कौन? मंथन के बीच बड़ा संकेत
मीडिया से बातचीत के बाद निशांत कुमार पार्टी कार्यालय के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उनके समर्थकों ने उनके समर्थन में जोरदार नारेबाजी भी की। “निशांत बाबू जिंदाबाद” और “हमारा नेता कैसा हो, निशांत भैया जैसा हो” जैसे नारे वहां गूंजते रहे, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि पार्टी के भीतर उनकी लोकप्रियता बढ़ रही है।
गौरतलब है कि निशांत कुमार हाल ही में सक्रिय राजनीति में आए हैं। मार्च महीने में उन्होंने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड ज्वाइन की थी। ऐसे में यह माना जा रहा था कि उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है, लेकिन फिलहाल पार्टी नेतृत्व ने अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला पार्टी के भीतर संतुलन बनाए रखने और अनुभव को प्राथमिकता देने के लिहाज से लिया गया है। हालांकि भविष्य में निशांत कुमार की भूमिका क्या होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Written By: Anushri Yadav



