adevertisment Adevertiisment banner

योगी सरकार ने गांवों की तस्वीर बदलने का बेमिसाल काम कर दिखाया: सेवता विधायक

सीतापुर। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने का बेमिसाल काम कर दिखाया है। सरकार के प्रयासों से गांवों की आर्थिक समृद्धि तो हुई ही है साथ ही वहां का सामाजिक स्तर भी ऊंचा हुआ है। बुनियादी सुविधाओं का विकास और तकनीकी खेती को बढ़ावा मिलने से गांवों में खुशहाली आई है। लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं। यही कारण है कि युवाओं का गांव से पलायन रुका है। आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं। यह बात गुरुवार को सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने रेउसा ब्लाक परिसर में आयोजित प्रधानों व मनरेगा कर्मियों के कार्यक्रमों में कही।

विधायक ने कहा कि विकास की राह पर उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाते हुए योगी सरकार ने महज चार सालों में लाखों परिवारों को आवास की सुविधा दी है। एक करोड़ से अधिक परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। हर गांव की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ ही गांव-गांव तक ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। बीते चार सालों में योगी सरकार ने सबसे अधिक काम गांव के लिये किया हैं। इसी के चलते गांवों की तस्वीर बदली है। गांव के लोग अपने अधिकारों से वंचित न रहें इसके लिये भी सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं।

विधायक ने कहा कि योगी सरकार ने गांव के विकास को आगे बढ़ाने के लिये किसानों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत निःशुल्क आवास दिए हैं। सरकार की मंशा है कि गांव में कोई भी बेघर न हो सभी को आवास सहित बुनियादी सुविधाएं तभी गांव का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 45 हजार ग्राम रोजगार सेवकों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने ग्राम रोजगार सेवकों को अब दस हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय देने का ऐलान किया है। यूपी सरकार अब ग्रामीण इलाकों के विकास में जन सहभागिता को और प्रोत्साहित करेगी।

इस बाबत पंचायतीराज विभाग की ओर से एक नयी योजना शुरू की जा रही है। मातृभूमि योजना के नाम से शुरू होने वाली इस योजना में कोई व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह अपने गांव में नाली, खड़ंजे, बिजली, पानी, सड़क, विद्यालय आदि विकास कार्यों के लिए अगर अपनी ओर से धनराशि खर्च करेंगे तो ऐसे विकास कार्यों की कुल लागत का चालीस प्रतिशत खर्च प्रदेश सरकार वहन करेगी। इस अवसर पर अवधेश चौहान,  संजीव मिश्रा, ओम प्रकाश मिश्र, संतोष शुक्ल, ऐश्वर्य यादव, विनोद यादव, संजय, अशोक, काशीराम, राजू, शरद आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button