adevertisment Adevertiisment banner

मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या, नाराज भीड़ ने आरोपियों के घरों मे आग लगाई

मेरठ। मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से नाराज लोगों ने घटना के बाद से फरार आरोपियों के घरों में सोमवार सुबह आग लगा दी और पथराव किया। हस्तिनापुर थाना प्रभारी मुनेश पाल सिंह ने बताया कि रविवार की शाम थाना क्षेत्र के पलड़ा गांव के प्राथमिक विद्यालय की दीवार पर गांव निवासी विशु (25) अपने एक दोस्त के साथ बैठा था, तभी मोटरसाइकिल पर आए दो हमलावरों ने विशु को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में गंभीर रूप से जख्मी हुए विशु को उसके परिजन ग्रामीणों की मदद से मवाना के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हो गए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि सोमवार की सुबह मामला तब फिर भड़क गया, जब पोस्टमार्टम के बाद विशु का शव घर पहुंचा।

उन्होंने बताया कि शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय लोगों की भीड़ अचानक उग्र हो गई और उसने आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) देहात भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात संभालते हुए अपनी मौजूदगी में विशु के शव का अंतिम संस्कार कराया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि 500-600 लोग विशु के अंतिम संस्कार में आये थे और इसी दौरान तीन-चार युवकों ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें तुरंत वहां से हटा दिया। एसएसपी के अनुसार, आगजनी का प्रयास करने वाले युवकों की शिनाख्त कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है।

Related Articles

Back to top button