adevertisment Adevertiisment banner

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाला

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया. राज्यसभा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले 51 वर्षीय सिंधिया नागर विमानन मंत्री हैं. मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार में वह तीसरे इस्पात मंत्री हैं. कामकाज संभालने से पहले सिंधिया ने यहां उद्योग भवन में अपने कार्यालय में अपनी मेज पर भगवान गणेश की प्रतिमा रखी. उन्होंने इस्पात सचिव संजय कुमार सिंह और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यभार संभाला.

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और आरसीपी सिंह ने राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के एक दिन पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान देश व लोगों की सेवा के लिए दोनों नेताओं की सराहना की थी.प्रधानमंत्री की सराहना को इस संकेत के रूप में देखा गया कि आज हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक दोनों नेताओं के लिए आखिरी थी.

दोनों नेताओं का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल सात जुलाई यानी बृहस्पतिवार को समाप्त हो रहा है. नकवी को भाजपा ने पिछले दिनों हुए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में कहीं से उम्मीदवार नहीं बनाया था. आरसीपी सिंह जनता दल यूनाईटेड के कोटे से केंद्र सरकार में मंत्री थे. उन्हें भी जदयू ने अगला कार्यकाल नहीं दिया है. सिंह के पास इस्पात मंत्रालय का प्रभार था.

Related Articles

Back to top button