adevertisment Adevertiisment banner

नेशनल हेराल्ड मामला: सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेसियों का प्रदर्शन, विजय चौक पर धरने पर बैठे राहुल

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समाचार पत्र ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े कथित धनशोधन मामले में मंगलवार को दूसरे दौर की पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुईं. सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पूर्वाह्न करीब 11 बजे मध्य दिल्ली में एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर विद्युत लेन में स्थित संघीय एजेंसी के कार्यालय पहुंचीं. प्रियंका गांधी एजेंसी के कार्यालय में ही रुकी रहीं, वहीं राहुल तुरंत ही वहां से निकल गए.

सोनिया गांधी (75) से पहली बार 21 जुलाई को मामले में दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी. तब उन्होंने एजेंसी के 28 सवालों के जवाब दिए थे. ईडी कांग्रेस द्वारा प्रवर्तित अखबार ‘नेशनल हेराल्ड’ का मालिकाना हक रखने वाली ‘यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड’ में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है. कांग्रेस ने अपने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा की है और इसे ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ वाला कदम करार दिया है.

वर्ष 2013 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी की एक निजी आपराधिक शिकायत के आधार पर ‘यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड’ के खिलाफ यहां की एक निचली अदालत ने आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिया था. ईडी ने पिछले साल के अंत में धन शोधन रोकथाम कानून के आपराधिक प्रावधानों के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद गांधी परिवार से पूछताछ शुरू की. सोनिया और राहुल गांधी यंग इंडियन के प्रवर्तकों और बहुलांश शेयरधारकों में से हैं. अपने बेटे की तरह कांग्रेस अध्यक्ष के पास भी 38 फीसदी हिस्सेदारी है. वहीं सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस समर्थक आज देशभर में ईडी कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सत्याग्रह जारी है. इससे पहले विरोध प्रदर्शन के दौरान कई सांसदों और नेताओं को हिरासत में लिया गया था. वहीं, सोनिया गांधी को कुछ घंटों की पूछताछ के बाद ईडी ने जाने दिया था. दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजघाट पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इंकार कर दिया है. यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिये गये हैं. वहीं, धारा 144 लागू कर दी गई है. कांग्रेस दफ्तर के पास भारी पुलिसबल तैनात किया गया है. इसे लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने पार्टी मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया.

Related Articles

Back to top button