adevertisment Adevertiisment banner

बीजेपी ने CBI पूछताछ से पहले मनीष सिसोदिया के जुलूस को बताया ड्रामा

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि आजकल एक नया प्रचलन शुरू हो गया है. जब भ्रष्टाचारियों से सवाल-जवाब करने के लिए बुलाया जाता है, तो ये सबसे पहले राजघाट चले जाते हैं कि हम सत्याग्रह करेंगे. सत्याग्रह और भ्रष्टाचार में कोई मेल ही नहीं है. इससे भगत सिंह जी का भी अपमान और महात्मा गांधी जी का भी घोर अपमान है.
राहुल गांधी जी भी वहीं गए थे और मनीष सिसोदिया भी वहीं गए. मनीष सिसोदिया जी मैं ये पूछना चाहता हूं कि आप वही पार्टी हैं जिसने अन्ना हजारे जी को लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया था. पूरे भारत वर्ष में आपने प्रतिज्ञा ली थी कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेंगे. जब राहुल गांधी को भ्रष्टाचार के मामले में बुलाया गया था, तब ठीक इसी प्रकार की नौटंकी कांग्रेस ने की थी. उसने प्रदर्शन किया था. उन्होंने इसे जश्न-ए-भ्रष्टचार बताया.
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आबकारी नीति मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय पहुंचे. सिसोदिया इससे पहले सुबह आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय और महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट गए. सिसोदिया के पूछताछ के लिए रवाना होने से पहले उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में उनके समर्थक एकत्रित हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि वह पूर्वाह्न सवा 11 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे. उन्हें सीधे पहली मंजिल पर भ्रष्टाचार रोधी शाखा के कार्यालय ले जाया गया. सीबीआई ने अगस्त में सिसोदिया और 14 अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की थी. अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपालय वी. के. सक्सेना ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी.
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एजेंसी ने सिसोदिया के परिसरों पर छापेमारी की और गाजियाबाद के एक बैंक में उनके लॉकर की तलाशी भी ली. सीबीआई युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी के बेटे राघव रेड्डी से भी इस मामले में पूछताछ कर चुकी है.

Related Articles

Back to top button