adevertisment Adevertiisment banner

भारत और अमेरिका के रक्षा सहयोग का और विस्तार किया जा रहा: राजनाथ

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि उन्होंने और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ पास-पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र की स्थिति की व्यापक समीक्षा की है ।
श्री सिंह ने सोमवार देर रात अमेरिका के रक्षा मंत्री तथा विदेश मंत्री के साथ वाशिंगटन में चौथी टू प्लस टू मंत्री स्तरीय वार्ता के बाद मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि उनकी बातचीत व्यापक तथा बेहद अर्थपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान हमने पास पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र की स्थिति का आकलन किया ।
श्री सिंह ने कहा कि भारत और अमेरिका के रक्षा सहयोग का और विस्तार किया जा रहा है तथा इसे पहले से मजबूत बनाया जा रहा है । उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सामरिक रक्षा सहयोग को सुदृढ़ बनाने और परस्पर हित के क्षेत्रों में काम करने के लिए यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण साबित होगी।
रक्षा मंत्री ने कहा, “हमारा निरंतर बढ़ता सहयोग विश्व में शांति, सुरक्षा और मुक्त माहौल बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।”
उन्होंने टू प्लस टू वार्ता से पहले अमेरिका के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक में द्विपक्षीय तथा अंतरराष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
श्री सिंह ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी कंपनियों से भारत में उत्तर प्रदेश तथा तमिलनाडु के रक्षा गलियारों में सहयोग तथा हिस्सेदारी करने का भी अनुरोध किया है।
दोनों देशों के बीच मंत्री स्तरीय वार्ता से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच वर्चुअल शिखर सम्मेलन भी हुआ।

Related Articles

Back to top button