adevertisment Adevertiisment banner

सौगातों का पिटारा खोलेंगे सीएम, तीन फीसदी डीए की घोषणा कर सकते हैं सीएम

शिमला। हिमाचल पूर्ण राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती पूरा कर रहा है। इस खास अवसर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और यादगार बनाने वाले हैं। सोलन के ठोडो ग्राउंड में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री कई ऐलान कर सकते हैं। इनमें न केवल वेतन आयोग की विसंगतियों पर बात होगी, बल्कि पुलिस पे-बैंड पर भी कोई ऐलान हो सकता है। सीएम कर्मचारियों के लंबित तीन फीसदी डीए पर भी घोषणा कर सकते हैं। राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पुलिस जवानों को मंगलवार को कोई तोहफा मिल सकता है। मुख्यमंत्री आयोग की विसंगतियों को दूर करने के लिए कोई ऐलान कर सकते हैं। कर्मचारियों को 15 फीसदी का तीसरा विकल्प दिया जा सकता है और हायर ग्रेड-पे पर भी कोई घोषणा हो सकती है। इस बारे में सचिवालय में दिनभर बैठकों का दौर जारी रहा। पहले वित्त सचिव प्रबोध सक्सेना ने अपने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इससे पहले दोपहर बाद डीजीपी संजय कुंडू ने अपनी टीम के साथ मुख्यमंत्री से बैठक की। मुख्य सचिव के साथ हुई बैठक में वित्त विभाग ने सारे आंकड़े सामने रखे हैं। सीएम की घोषणाओं के लिए फिर मुख्य सचिव रामसुभग सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव भरत खेड़ा और अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना के बीच बैठक हुई। इसमें सारे बिंदु तय हुए हैं। अब सिर्फ घोषणा बाकी है। सचिवालय में मीडिया के सवाल पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की बधाई दी और कहा कि कर्मचारियों की अधिकांश मांगों को सरकार ने कोविड समय में भी पूरा किया है, इस बार भी करेंगे।वित्त विभाग में दिनभर हुई बैठकों में दो पेंच फंस रहे हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त 15 फीसदी के तीसरे विकल्प पर राजी थे। 4-9-14 की एसीपीएस पर भी कोई अड़चन नहीं थी, क्योंकि यह अधिसूचना वेतन आयोग के बाद हो जानी थी। मुख्य बाधा हायर ग्रेड के लिए लगे दो साल के राइडर वाले मामले में इनिशियल स्टार्ट की है। इसी तरह पुलिस पे-बैंड में एरियर का मसला सामने आ रहा है। हालांकि जवानों ने खुद ही एरियर के बजाय नोशनल वेनीफिट की बात मान ली है।

Related Articles

Back to top button