adevertisment Adevertiisment banner

 टैंकर की जोरदार टक्कर से स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त, 19 छात्र घायल

रायबरेली। एनटीपीसी के चिन्मया विद्यालय की स्कूली बस में गुरुवार की सुबह टैंकर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 19 छात्र घायल हुए, जिनमें से पांच को गंभीर दशा में एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मदद के लिए एनटीपीसी के उच्चाधिकारी भी डाक्टरों की टीम लेकर मौके पर पहुंचे। उक्त हादसा प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज थाना के वाजिदपुर मोड़ के पास हुआ है। चिन्मया विद्यालय की स्कूली बस सुबह करीब साढे़ सात बजे प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाना क्षेत्र से छात्रों को लेकर वापस ऊंचाहार लौट रही थी। वाजिदपुर मोड़ के पास छात्रों को बैठाने के लिए जैसे ही बस रुकी, पीछे से आ रहे टैंकर ने गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। एका एक हुई घटना से छात्र सहम गए। बस पर चिन्मया और डीएवी विद्यालय के 61 छात्र बैठे थे, जिनमें से 19 घायल हो गए। बस भी अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस का आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी के अधिकारी सीआइएसएफ के जवानों व डाक्टरों की टीम लेकर मौके पर पहुंच गए। मामूली रूप से चोटिल छात्रों का मौके पर ही उपचार किया गया, फिर एंबुलेंस बुलाकर घायल 19 छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल छात्र चिन्मय विद्यालय की आरबिया, सारा खान, अलीजा और शाश्वत शुक्ला, डीएवी स्कूल की दीप्ती पांडेय व बस चालक मोहम्मद अंसार को एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऊंचाहार कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर छात्रों की मदद की गई। हादसा कारित करने वाले टैंकर चालक को नवाबगंज में पकड़ लिया गया है। दुर्घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए एफआइआर भी वहीं पंजीकृत की जाएगी।

Related Articles

Back to top button