adevertisment Adevertiisment banner

सोनाली फोगाट केस में गोवा पुलिस ने संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को हिरासत में लिया

पणजी: गोवा पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सोनाली फोगाट की मौत मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को कथित तौर पर मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले एक संदिग्ध तस्कर को शनिवार को हिरासत में ले लिया. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने कहा कि दोनों आरोपियों ने अपने बयान में संदिग्ध से मादक पदार्थ खरीदने की बात ‘स्वीकार’ की थी, जिसके बाद संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर दत्ताप्रसाद गांवकर को अंजुना से हिरासत में ले लिया गया.
अधिकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए एक अन्य व्यक्ति की पहचान कर्लीज रेस्तरां के मालिक एडविन नून्स के रूप में हुई है, जहां फोगाट (42) रहस्यमय परिस्थितियों में अपनी मौत से पहले 22 अगस्त की देर रात पार्टी कर रही थीं. गोवा पुलिस ने हरियाणा की लोकप्रिय टिकटॉक स्टार फोगाट के साथ गोवा आए सुधीर सागवान और सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया था. फोगाट को 23 अगस्त की सुबह उत्तरी गोवा जिले के अंजुना के सेंट एंथोनी अस्पताल में उनके होटल से मृत अवस्था में लाया गया था.
पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि सागवान और सिंह ने कथित तौर पर पानी में ‘नशीला पदार्थ’ मिलाया था और 22 और 23 अगस्त की रात को कर्लीज रेस्तरां में पार्टी के दौरान उन्होंने फोगाट को इसे पीने के लिए मजबूर किया. पुलिस ने कहा कि दोनों पर हत्या का आरोप लगाया गया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा था कि फोगाट की कथित हत्या के लिए ‘आर्थिक हित’ जिम्मेदार हो सकता है.

Related Articles

Back to top button