adevertisment Adevertiisment banner

अभी गर्मी से राहत की नहीं कोई संभावना

नई दिल्ली, एजेंसी। मार्च की रिकार्डतोड़ गर्मी के बाद अप्रैल में भी दिल्ली की गर्मी राहत देने के मूड में नहीं है। माह के पहले सप्ताह में ही राजधानी को लू ने अपनी चपेट में ले लिया है, आगामी एक हफ्ते के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी और सताएगी।दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और मुंबई समेत अनेक राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में तो तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। छह से 10 अप्रैल तक दक्षिण हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में, जबकि अगले तीन दिनों के दौरान गुजरात, झारखंड और मध्य प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है।उत्तर भारत में लगातार बढ़ रहे गर्मी के कहर के बीच राजधानी दिल्ली में लोगों को आज थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज 5 अप्रैल को हल्के बादल छाए रहेंगे। हालांकि, तापमान में ज्यादा बदलाव आने की उम्मीद नहीं है। इसके अलावा, राजस्थान, हरियाणा आदि जैसे राज्यों में लू यानी हीट वेव चलती रहेगी। मंगलवार को दिल्ली में छाए रहेंगे आंशिक बादल, लेकिन तापमान तब भी 39 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार, बारिश न होने और आसमान साफ रहने से अभी सप्ताह भर बनी रहेगी भीषण गर्मी एवं चलती रहेगी लू। पंजाब में भी लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। प्रदेश में मंगलवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, लोगों को दिनभर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहेगा और तापमान बढ़ने से लोगों की मुश्किलों में इजाफा होना तय है। यूपी में लू का भयानक कहर बरपने की आशंका है। इसमें दो से तीन दिन की बढ़ोतरी भी हो सकती है। क्योंकि राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर और जैसलमेर में ‘हीट लो’ (सरफेस एयर) की वजह से 5 अप्रैल तक लू की भविष्यवाणी की गई है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर और उससे सटे मध्य पाकिस्तान पर बना हुआ है। एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। दक्षिण तमिलनाडु के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा विदर्भ से कर्नाटक होते हुए आंतरिक तमिलनाडु तक फैली हुई है। पश्चिमी राजस्थान के हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू तक हो सकती है। पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, दिल्ली और जम्मू संभाग में लू चलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button