adevertisment Adevertiisment banner

कांग्रेस के पूर्व नेता कुलदीप बिश्नोई भाजपा में हुए शामिल

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व नेता कुलदीप बिश्नोई आज यानी गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये. भाजपा के दिल्ली स्थित मुख्यालय में वह पार्टी में शामिल हुए. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस दौरान मौजूद रहे. कांग्रेस ने जून में हुए राज्यसभा चुनाव में बिश्नोई के ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के बाद उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था. हरियाणा के हिसार जिले की आदमपुर सीट से विधायक बिश्नोई (53) ने बुधवार को हरियाणा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था. बिश्नोई ने बुधवार को कहा था कि यह भाजपा तय करेगी कि आदमपुर से उपचुनाव कौन लड़ेगा, लेकिन वह और उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि उनके बेटे भव्य बिश्नोई वहां से चुनाव लड़ें. गौरतलब है कि चार बार विधायक और दो बार सांसद रहे बिश्नोई कांग्रेस से पहले से ही नाराज चल रहे थे. इस साल की शुरुआत में उन्हें कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रमुख पद पर नियुक्त न किए जाने के बाद उन्होंने बगावती तेवर अपना लिए थे. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई दूसरी बार कांग्रेस से नाता तोड़ रहे हैं. पार्टी से अलग होने के बाद करीब छह साल पहले ही वह दोबारा कांग्रेस से जुड़े थे.

Related Articles

Back to top button