adevertisment Adevertiisment banner

कांग्रेस ने सीएम योगी पर साधा निशाना, परिसंपत्ति बंटवारे में लगाया भेदभाव का आरोप

देहरादून: बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath) 3 मई को अपने तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं. इस दौरान वह अपने गृह ब्लॉक यमकेश्वर का भी दौरा करेंगे. इसके साथ ही हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के पर्यटक आवास का लोकार्पण भी करेंगे. उनके उत्तराखंड दौरे पर कांग्रेस में निशाना साधा है. कांग्रेस ने परिसंपत्ति बंटवारे को लेकर योगी आदित्यनाथ पर भेदभाव का आरोप लगाया है.

कांग्रेस का कहना है कि परिसंपत्तियों के बंटवारे पर योगी आदित्यनाथ ने अपना कोई योगदान नहीं दिया है. कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. आरपी रतूड़ी का कहना है कि योगी आदित्यनाथ यदि भाजपा के लीडर के तौर पर उत्तराखंड आएं तो भाजपा उनका स्वागत करे. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ 5 साल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उन्होंने उत्तराखंड को कोई सौगात नहीं दी. बड़े भाई होने के नाते उत्तर प्रदेश ने अपने छोटे भाई उत्तराखंड को परिसंपत्तियों के बंटवारे में कोई योगदान नहीं दिया.

योगी आदित्यनाथ ने बंटवारे के नाम पर एक छोटा सा होटल उत्तराखंड को देकर, उस होटल के सामने आलीशान होटल खड़ा कर दिया. यदि उत्तराखंड के प्रति योगी आदित्यनाथ का कोई लगाव होता तो उत्तराखंड में जो भी संपत्ति उत्तर प्रदेश की है, वो संपत्ति उत्तराखंड की होती, तब माना जाता कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड को कुछ दिया है. वहीं योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले कांग्रेस हमलावर है और परिसंपत्ति बंटवारे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भेदभाव का आरोप लगाया है.

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 से 5 मई तक उत्तराखंड दौरे (CM Yogi uttarakhand tour) पर रहेंगे. इस दौरान सीएम योगी यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचेंगे. 3 मई को सीएम योगी पंचूर के पास स्थित गुरु गोरखनाथ पीजी कॉलेज में अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. वहीं, सीएम योगी के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन भी अपनी तैयारियों में जुटा है. बताया जा रहा है कि इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं अन्य कैबिनेट मंत्री भी कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं. ऐसे में कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है.

Related Articles

Back to top button