adevertisment Adevertiisment banner

गोवा : आज दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे जेपी नड्डा

पणजी। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गोवा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। उन्होंने आज पणजी के महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद वे पार्टी कार्यकर्ताओं की दो सभाओं को संबोधित करेंगे।नड्डा के कार्यालय के ट्विटर हैंडल के मुताबिक, वे आज वालपो और बिचोलिम में पार्टी कार्यकर्ताओं की दो सभाओं को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भाजपा ने राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और सांसद दर्शन जरदोश को राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। अपने दौरे के पहले दिन जेपी नड्डा डाबोलिम हवाई अड्डे पर उतरे और पणजी गए।

यहां उन्होंने डाक्टरों के एक सम्मेलन को संबोधित किया। यह कार्यक्रम भाजपा के गोवा मेडिकल सेल द्वारा आयोजित किया गया था। इस मौके पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सदानंद शेत तनावडे, गोवा बीजेपी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रभारी डाक्टर शेखर सालकर मौजूद थे।गोवा में विधानसभा चुनाव 2022 की शुरुआत में होने हैं। पिछले महीने तृणमूल कांग्रेस पार्टी के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में गोवा के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई को दो ज्ञापन सौंपे। इसमें उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के इस्तीफे की मांग की है। इस प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा सांसद सौगत रॉय, पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो, गोवा के पूर्व सीएम लुइजिन्हो फलेरियो, गोवा टीएमसी नेता स्वाति केरकर और डोरिस टेक्सीरा भी शामिल थे।

Related Articles

Back to top button