adevertisment Adevertiisment banner

छपरा में घर में हुए ब्लास्ट में तीन लोगों की मौत, बम फटने की वजह से हुआ हादसा

छपरा। बिहार के छपरा के खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग बाजार से सटे खोदाईबाग गांव में रविवार को एक घर में हुए बम विस्फोट से सनसनी फैल गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब 10 लोगों के मलबे में दबे होने की जानकारी सामने आ रही है। मुजफ्फरपुर से एफएसएल की टीम भी घटना स्थल के लिए रवाना हो चुकी है।  बम का धमाका खोदाईबाग गांव निवासी मोहम्मद रेयाजू मियां के घर में हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार रेयाजू मियां आतिशबाजी के लिए पटाखे बनाता है। वह शादी-विवाह सहित अन्य खुशी के मौके पर आतिशबाजी के लिए पटाखे बेचता है। लेकिन रविवार को हुए विस्फोट से अनुमान लगाया जा रहा है कि रियाजुल मियां के घर में काफी शक्तिशाली विस्फोटक तैयार किया गया था। जानकारी के मुताबिक धमाका सुबह 10 बजे से शुरू हुआ जो रुक-रुककर दोपहर एक बजे तक होता रहा। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरा घर ध्वस्त हो गया है।

एक बजे के बाद बाद मकान से तीन शव बाहर निकाले गए लेकिन  शवों की पहचान नहीं हो सकी है। बताया गया कि रेयाजू मियां एवं उसके भाई शब्बीर मियां का परिवार एक ही मकान में रहता था।

हालांकि उसके आपराधिक गतिविधि में शामिल होने अथवा संदिग्ध होने की जानकारी ना तो ग्रामीणों ने दी और ना ही खैरा थाना पुलिस ने। खैरा थाना पुलिस फिलहाल घर के अंदर प्रवेश कर भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास में लगी है। लेकिन रुक-रुक कर हो रहे विस्फोट से पुलिसकर्मियों तथा स्थानीय लोगों के कदम रुक जा रहे हैं। रेयाजू मियां का पक्का मकान इस घटना में ध्वस्त हो गया है।

Related Articles

Back to top button