adevertisment Adevertiisment banner

सरदार पटेल की जयंती पर पीएम मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर दी श्रद्धांजलि

केवडिया: सरदार पटेल की 147वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर श्रद्धासुमन अर्पित किए. इसके साथ-साथ उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर शपथ दिलाई और परेड की सलामी भी ली. वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वहीं, उन्होंने मोरबी हादसे पर भी शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मेरा मेरा मन करुणा से भरा हुआ है. मैं पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. उन्होंने कहा कि मैं एकता नगर में हूं, लेकिन मेरा मन मोरबी में लगा हुआ है.
31 अक्टूबर को देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती देशभर में मनाई जा रही है. इस मौके को देश राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है. इसी कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी गुजरात में हैं तो वहीं देश के गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल हुए. पीएम मोदी का ये गुजरात दौरा दो दिनों का है. 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को गुजरात में रहेंगे.
पीएम मोदी का गुजरात दौरा
प्रधानमंत्री सबसे पहले वडोदरा के लेप्रोसी ग्राउंड पहुंचे, जहां वह भारतीय वायुसेना के ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी. प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि इस अवसर पर बनासकांठा जिले में आदिवासी समुदाय के बच्चों का एक संगीत बैंड प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देगा.
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर अमित शाह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को विभाजित रखने के प्रयास करने वाली विरोधी ताकतों के बावजूद अपनी दूरदर्शिता से एक मजबूत और अखंड भारत के सपने को साकार किया. शाह ने कहा कि भारत एक मजबूत और समृद्ध देश बनने के स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को अगले 25 वर्ष में साकार कर लेगा और अपनी स्वतंत्रता के 100वें वर्ष का जश्न मनाएगा.
उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में भारत के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 147वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक दौड़ को हरी झंडी दिखाते हुए यह बात कही. शाह ने कहा, आज़ादी के समय भी, भारत को विभाजित रखने के लिए कुछ ताकतों ने प्रयास किए थे. हमने देखा है कि कैसे सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और राजनीतिक सूझबूझ से जूनागढ़, जम्मू-कश्मीर और हैदराबाद को भारत संघ में शामिल किया था. यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुरू हुई ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ में खेल जगत की हस्तियों, खेल प्रेमियों और केंद्रीय पुलिस बलों के जवानों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की.
इस अवसर पर शाह ने गुजरात के मोरबी में रविवार को माच्छू नदी पर बने एक पुल के गिरने से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि भी दी. इस हादसे में अब तक 130 लोगों की मौत हो चुकी है.

Related Articles

Back to top button