मिशन 2022 : भाजपा के हर दांव पर कांग्रेस की पैनी नजर, जानें पूरा प्लान

लखनऊ। प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए कांग्रेस भाजपा के सारे दांव पर पैनी नजर रख रही है। हर दांव का सटीक जवाब देने की तैयारी है। प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की टीमें तैयार की जा रही हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रदेश के 58 हजार गांवों में कमेटियां बनाने की तैयारी है। हर कमेटी में अध्यक्ष व सदस्य नियुक्त किये जाएंगे। गांव स्तर पर बनने वाली इन टीमों के गठन में जातीय समीकरण का ध्यान रखा जाएगा। मतदाताओं को विभिन्न मुद्दों को रिझाने के लिए इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुस्लिम मतदाताओं पर मजबूती बनाये रखते हुए हिन्दूवादी मतदाताओं को भी पाले में करने का प्रयास होगा। हाल में प्रियंका गांधी द्वारा रायबरेली प्रवास के दौरान मंदिर में दर्शन किये जाने को इसी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि कांग्रेस के पदाधिकारी इसे सामान्य घटना बता रहे हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि नेहरू-गांधी परिवार शुरू से धार्मिक प्रवृत्ति का रहा है।

गांधी जी जहां रामधुन गाते थे, वहीं सर्वधर्म सभाओं का भी आयोजन करते थे। इंदिरागांधी भी धार्मिक प्रवृत्ति की थीं। प्रियंका गांधी अपने मां के पद चिन्हों पर ही चल रही हैं। मंदिरों में दर्शन करना कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस के एक पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव में जीतने के लिए दो लाख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किये जाने का लक्ष्य है, जिसमें 24 हजार कार्यकर्ता प्रशिक्षित हो चुके हैं। बाकी को प्रशिक्षित करने जल्द शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button