adevertisment Adevertiisment banner

पीएम मोदी का देश को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त बनाने का आह्वान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशवासियों का आह्वान किया कि देश को खुले में शौच की प्रथा से मुक्त कराने के बाद शहरों को पूरी तरह से कूड़े कचरे से मुक्त बनाना है। मोदी ने शुक्रवार को यहां स्वच्छ भारत मिशन शहरी और अमृत योजना के दूसरे चरण की शुरूआत करते हुए सभी राज्यों और शहरी निकायों से कहा कि वे देश में बने कूड़े के सभी पहाड़ों को हटाने के लिए स्वच्छता महाभियान चलायें।

उन्होंने कहा कि देशवासियों ने वर्ष 2014 में समूचे देश को खुले में शौच की प्रथा से मुक्त कराने का संकल्प लिया था और दस करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर यह संकल्प पूरा किया गया। स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत अब कचरे के ढेर से पूरी तरह मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा , “ मिशन अमृत के अगले चरण में देश का लक्ष्य सीवेज और सेप्टिक मैनेजमेंट बढ़ाना, अपने शहरों को जल सुरक्षा से परिपूर्ण बनाना और ये सुनिश्चित करना है कि हमारी नदियों में कहीं पर भी कोई गंदा नाला न गिरे।” प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी से कहा कि दिल्ली में भी कूड़े के कुछ पहाड़ हैं जिनका ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “ स्वच्छ भारत अभियान और अमृत मिशन की अब तक की यात्रा वाकई हर देशवासी को गर्व से भर देने वाली है। इसमें मिशन भी है, मान भी है, मर्यादा भी है, एक देश की महत्वाकांक्षा भी है और मातृभूमि के लिए अप्रतिम प्रेम भी है। ”

Related Articles

Back to top button