adevertisment Adevertiisment banner

यूपी: केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्जा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में हिंसक झड़प में चार किसानो समेत आठ लोगों की मौत की घटना के सिलसिले में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के पुत्र आशीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। हालात बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है। जिले में इंटरनेट सेवाओं को बाधित कर दिया गया है। स्कूलों में आज अवकाश की घोषणा की गयी है। जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

उधर, लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) महासचिव सतीश मिश्र के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है वहीं आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को सीतापुर जिले में पुलिस की निगरानी में रखा गया है।

किसान नेता राकेश टिकैत हालांकि भोर करीब साढे तीन बजे लखीमपुर पहुंचे और हालात का जायजा लेने के साथ सूबे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार और अन्य आला अधिकारियों के साथ हुयी बैठक में श्री टिकैत ने पांच मांगे रखी जिसमें मृतक किसान के परिजनों को एक एक करोड़ का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी,घटना की न्यायिक जांच, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री का इस्तीफा अजय मिश्र टेनी का इस्तीफा और दोषियों को सख्त सजा शामिल है।

अधिकारियों ने किसान नेता की मांगों पर विचार कर इस पर जल्द ही कार्यवाही का आश्वासन दिया है। बैठक के दूसरे दौर की बातचीत दोपहर 12 बजे होने की संभावना है। इस बीच केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री के पुत्र आशीष मिश्र के खिलाफ तिकुनिया थाने में एफआईआर दर्ज की जा रही है। घटना में अभी तक किसी भी पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुयी है।

Related Articles

Back to top button