adevertisment Adevertiisment banner

पार्टी को सितंबर 2022 तक मिल जाएगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कार्य समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं की चारों तरफ से आ रही संगठनात्मक चुनाव कराने की मांग पर विचार करते हुए निर्णय लिया गया है कि अगले साल 20 सितम्बर तक पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल तथा संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में पांच घंटे से अधिक समय तक चली कार्य समिति की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया अगले साल 21 अगस्त से 20 सितम्बर के बीच पूरी कर ली जाएगी जबकि पार्टी में प्रदेश अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, कोषाध्यक्षों तथा प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव 20 अगस्त पूरे करा दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को जागृत करने का काम किया जाएगा। पार्टी के सदस्य अनुशासित रहें और नयी ऊर्जा के साथ पार्टी के लिए काम करें इसके वास्ते हरेक कार्यकर्ता को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता से लेकर बड़े से बड़े नेता का प्रशिक्षण देने का काम किया जाएगा और अगले साल सितम्बर तक कांग्रेस अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।

कांग्रेस के इन नेताओं ने बताया कि चुनाव की प्रक्रिया एक तरह आगामी एक नवंबर से शुरू कर दी जाएगी। संगठन चुनाव के लिए सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया अगले महीने एक नवंर से पांच रुपए के भुगतान के साथ शुरू कर दी जाएगी और यह प्रक्रिया अगले साल 31 मार्च तक चलेगी। जिला कांग्रेस समितियां पांच रुपए का भुगतान कर संगठन के चुनाव के लिए नामांकन करनेवाले सदस्यों की सूची 15 अप्रैल तक प्रकाशित कर देगी।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक समितियों, प्राथमिक सदस्यों की कार्यकारिणी, ब्लाक समिति, ब्लाक समिति के अध्यक्षों, कार्यकारिणी तथा ब्लाक समिति से प्रदेश समिति के लिए एक सदस्य के चुनाव की प्रक्रिया 16 अप्रैल से 31 मई तक चलेगी। अध्यक्षों, उपाध्यक्षों तथा जिला कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव एक जून से 20 जून तक पूरी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button