adevertisment Adevertiisment banner

कर्नाटक विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की तीसरी सूची

बेंगलुरु। कांग्रेस ने शनिवार को 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 43 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कोलार निर्वाचन क्षेत्र से भी चुनाव लड़ने का इरादा रखते थे लेकिन आज की सूची में इस सीट के लिए उन्हें टिकट नहीं दिया गया। पार्टी ने इस सीट से कोथुर जी मंजूनाथ को चुनाव मैदान में उतारा है।

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर जैसे प्रमुख नेता सिद्धारमैया को दो सीटों पर चुनाव मैदान में उतारे जाने के पक्ष में नहीं थे। सिद्धारमैया को मैसूर जिले में वरुणा निर्वाचन क्षेत्र के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस ने पहले ही घोषित कर दिया गया था।

पूर्व मंत्री लक्ष्मण सावदी को बेलागवी जिले के अथानी निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद सावदी शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अभिनेत्री से नेता बनी उमाश्री को भी तेरदल निर्वाचन क्षेत्र से टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह सिद्दप्पा रामप्पा कन्नूर को उस विधानसभा का टिकट दिया गया है।

कांग्रेस पार्टी को अभी बाकी 15 उम्मीदवारों के नाम जारी करने हैं। पार्टी ने पूर्व गवर्नर मार्गरेट अल्वा के बेटे निवेदित अल्वा को भी कुम्ता निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने अब तक 209 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पहली और दूसरी लिस्ट में कांग्रेस ने क्रमश: 124 और 42 उम्मीदवारों के नाम जारी किए थे।

Related Articles

Back to top button