adevertisment Adevertiisment banner

गौतम बुद्ध नगर: कंपनी परिसर के अंदर ट्रक की चपेट में आने से कर्मचारी की मौत

नोएडा। फेस-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-85 में स्थित एक कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी की कंपनी परिसर के अंदर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। फेस-2 के थाना प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि सेक्टर 85 स्थित एकेजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी में काम करने वाले अजय सिंह की पत्नी कविता देवी ने रविवार रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 अप्रैल की रात उनके पति कंपनी परिसर में पैदल जा रहे थे तभी माल से भरे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि कंपनी के चार-पांच कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड ने सिंह को नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद से ट्रक का चालक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और लापरवाही से वाहन चलाने के लिए मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

Related Articles

Back to top button