adevertisment Adevertiisment banner

भदोही: फर्जी आधार से सिम एक्टिवेट कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को फर्जी आधार कार्ड के जरिये सिम एक्टिवेट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि औराई थाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड तैयार कर विभिन्न सेल कंपनियों के सिम कार्ड प्राप्त करके उसे एक्टिवेट कर ग्राहकों को बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है।

गिरोह में शामिल सरगना सहित तीन शातिर अभियुक्तों आकाश बरनवाल , कन्हैयालाल और संतोष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ आधार कार्ड, 15 कूटरचित आधार कार्ड की छाया प्रति, विभिन्न कंपनियों के कुल 47 सिम कार्ड, चार मोबाइल, एक लैपटाप, एक प्रिन्टर और दो थम्ब एम्प्रेशन मशीन बरामद की है। पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि सिम कार्ड बिक्री के दौरान लोगों का आधार प्राप्त कर लिया जाता है।

आधार कार्डों को कन्हैयालाल की टिकट बुकिंग दुकान पर स्कैन कराकर एडिट कर अपनी फोटो लगा दी जाती थी। फर्जी आधार कार्ड से विभिन्न कम्पनियों के सिम कार्ड प्राप्त कर एक्टिवेट कर उसे ऊंचे दाम में बेच दिया जाता था। गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस को बताया कि लगभग छह वर्षो से नया सिम जारी करने के धंधे में वे लिप्त हैं। पुलिस पकड़े गए अपराधियों का अन्य अपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button