adevertisment Adevertiisment banner

अलीगढ़: AMU कार्यकारी परिषद में शिक्षक प्रतिनिधियों के चयन के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद में चार शिक्षक प्रतिनिधियों के चयन के लिए शनिवार को चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी। विश्वविद्यालय की ओर से आधिकारिक तौर पर यह जानकारी दी गयी।

एएमयू के अधिकारियों के अनुसार चुनाव के बाद तीन साल की अवधि के लिए चार शिक्षकों को कार्यकारी परिषद में चुना जाता है। पिछली बार चुनाव 2018 में हुए थे। उस चुनाव में चुने गए शिक्षकों का कार्यकाल 2021 में समाप्त हुआ था और दो वर्षों से कार्य परिषद में शिक्षक प्रतिनिधियों के पद खाली हैं।

वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने पिछले महीने घोषणा की थी कि यदि विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक संस्थानों की जल्द से जल्द घोषणा नहीं की जाती है, तो शिक्षकों के पास अपनी मांग के लिए दबाव बनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। एक वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रोफेसर आफताब आलम , जो पहले परिषद में शिक्षकों का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, ने इस कदम का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा, “2018 के बाद से कोई चुनाव नहीं हुआ है और यह प्रक्रिया लंबे समय से लंबित थी। हम अब तारीखों की अधिसूचना का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि इन चुनावों में और देरी से अगले कुलपति की नियुक्ति में देरी होगी।”

अलीगढ़ के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर को उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सदस्य मनोनीत किये जाने और उनके इस्तीफे के बाद से नये कुलपति की नियुक्ति अभी नहीं हुई है। एएमयू द्वारा जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार प्रोफेसर मोहम्मद परवेज को चार शिक्षक प्रतिनिधि के चयन के लिए चुनाव कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।

Related Articles

Back to top button