adevertisment Adevertiisment banner

दंतेवाड़ा आईईडी धमाका: चार नक्सली गिरफ्तार, तीन नाबालिग भी हिरासत में

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 26 अप्रैल को हुए इम्प्रोवाइस्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) धमाके में कथित संलिप्तता को लेकर चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल के हमले में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 10 जवान और एक वाहन चालक मारे गए थे। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार चारों नक्सलियों की पहचान बुधरा माडवी, जितेंद्र मुचकी, हिडमा मडकाम और हिडमा माडवी के तौर पर की गई है जों प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी(माओवादी) के दरबा डिवीजन में मलंगर एरिया समिति के सदस्य हैं।

उन्होंने बताया कि बुधरा माडवी, मुचकी और हिडमा मडकाम को गत शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया जबकि हिडमा माडवी को रविवार को धर दबोचा गया। अधिकारी ने बताया कि 15 से 17 साल उम्र के तीन लड़कों को भी घटना में कथित संलिप्तता के आरोप में हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों ‘बाल संघम’ के सक्रिय सदस्य हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अदालत ने चारों नक्सलियों को जेल भेज दिया है जबकि नाबालिगों को किशोर सुधार गृह भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि नक्सलियों ने गत दो साल में सबसे बड़ा हमला 26 अप्रैल को दंतेवाड़ा जिले में किया था। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने आईईडी धमाका कर जवानों को ले जा रहे वाहन को उड़ा दिया था जिसमें 10 पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button