adevertisment Adevertiisment banner

बस कंडक्टर पर जानलेवा हमला करने का मामला: लारेब हाशमी के घर पर चल सकता है बुलडोजर

प्रयागराज में बीते शुक्रवार को इलेक्ट्रिक सिटी बस के कंडक्टर हरिकेश विश्वकर्मा पर चापड़ से बीटेक छात्र लारेब हाशमी ने जेहादी नारे लगाते हुए जानलेवा हमला कर दिया था।लारेब हाशमी के घर पर जल्द बुलडोजर चल सकता है।लारेब का घर और पोल्ट्री फार्म एक ही जमीन पर है।शुरुआती जांच में पता चला है कि मंजूरी लिए बगैर अवैध निर्माण किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक जल्द ही प्रयागराज विकास प्राधिकरण लारेब हाशमी के पिता यूनुस हाशमी को ध्वस्तीकरण का नोटिस थमा सकता है।इसके बाद संतोषजनक जवाब न मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है। लारेब हाशमी के घर और पोल्ट्री फार्म की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।लारेब हाशमी का पैतृक घर और पोल्ट्री फार्म सोरांव के असवा हाजीगंज में है।

पुलिस और दूसरी जांच एजेंसियों की सख्ती के बाद लारेब हाशमी के परिजन घर छोड़कर भाग गए हैं।घर और पोल्ट्री फार्म पर ताला लगा हुआ है। पैतृक घर में रहने वाले परिवार के दूसरे सदस्यों को भी इस बात की आशंका है कि उनके हिस्से के मकान पर भी बुलडोजर का एक्शन हो सकता है,जिससे इन लोगों में दहशत का माहौल है।

पैतृक मकान में रह रही लारेब हाशमी की ताई और बड़ी मां का कहना है कि लारेब हाशमी यहां कभी-कभी ही आता था।वह पास में स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने भी जाता था।उनके मुताबिक लारेब हाशमी ज्यादा लोगों से बातचीत नहीं करता था।उनका कहना है कि उसके इस कारनामे से वे लोग भी हैरान और परेशान हैं।उनका कहना है कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा है कि लारेब ने कोई ऐसा काम किया है। लारेब की बड़ी मां और ताई का कहना है कि लारेब गांव में 15-20 दिन में आता था और मस्जिद में नमाज वगैरह पढ़कर चला जाता था। गांव में दूसरे लोगों से कोई ज्यादा मतलब नहीं रखता था। उनके मुताबिक जांच एजेंसियों ने उन लोगों से भी पूछताछ की है।लारेब हाशमी की ताई और बड़ी मां का कहना है कि वीडियो देखकर उन्हें भी लग रहा है कि लारेब ने जो कुछ किया वह गलत है।हालांकि उन लोगों का कहना है उनके खिलाफ कोई कार्रवाई प्रशासन को नहीं करनी चाहिए।

also read-https://eksandesh.org/news_id/34418

पुलिस ने लारेब हाशमी को नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया है। पैर में गोली लगने से उसे जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन हमले के दौरान की गई धार्मिक नारेबाजी और वायरल वीडियो के आधार पर उसके आतंकी कनेक्शन की भी आशंका जताई जा रही है,जिसको लेकर एटीएस और दूसरी जांच एजेंसियां भी जांच पड़ताल में जुटी हैं।

एटीएस ने सोरांव के असवा हाजीगंज में लारेब हाशमी के घर पर छापेमारी की है और वहां से पेन ड्राइव, डेस्कटॉप और मोबाइल को जब्त कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा है। हालांकि शुरुआती जांच में उसके आतंकी कनेक्शन होने के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन जिस तरह से उसने तहरीर ए लब्बैक का नारा लगाया था और हमले के बाद वीडियो वायरल किया था।उससे उसके आतंकी संगठन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।वहीं दूसरी ओर पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा के निर्देश पर एक एसीपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम भी अपनी जांच पड़ताल आगे बढ़ा रही है।

Related Articles

Back to top button