Gujarat Bridge Collapsed: आणंद-वडोदरा को जोड़ने वाला गंभीरा ब्रिज टूटा, 9 की मौत ब्रिज टूटने से नदी में गिरे कई वाहन
Gujarat Bridge Collapsed: गुजरात में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब आणंद और वडोदरा जिलों को जोड़ने वाला गंभीरा ब्रिज टूट गया। यह ब्रिज महिसागर नदी पर स्थित था और इसके अचानक टूटने से कई वाहन नदी में गिर गए। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि आधा दर्जन लोगों को रेस्क्यू किया गया है। घायल लोगों को वडोदरा के SSG अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी ट्रक और बोलेरो जीप गिरी नदी में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त ब्रिज पर कई वाहन मौजूद थे। इनमें दो भारी ट्रक, एक बोलेरो जीप और अन्य वाहन शामिल थे, जो ब्रिज टूटते ही सीधे नदी में जा गिरे। हालांकि एक टैंकर बाल-बाल बच गया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग, और गोताखोरों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
पुराना ब्रिज, पहले हो चुकी थी मरम्मत
यह ब्रिज 45 साल पुराना था और राज्य सरकार के अनुसार इसकी पहले मरम्मत की जा चुकी थी। राज्य सरकार के प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेश पटेल ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार रेस्क्यू और राहत कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
इस घटना को लेकर विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है? वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने इसे “मानव निर्मित हादसा” बताते हुए भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि खराब गुणवत्ता और लापरवाह निरीक्षण के चलते यह घटना हुई है।
महत्वपूर्ण कड़ी था गंभीरा ब्रिज
गंभीरा ब्रिज मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ने वाला एक अहम मार्ग था। इसके टूटने से न केवल जानमाल की हानि हुई है, बल्कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रशासन द्वारा यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जा रहे हैं।
Gujarat Bridge Collapsed: also read– Lulu Mall rape case : लूलू मॉल के सुपरवाइज़र पर दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण का आरोप, FIR दर्ज
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
फिलहाल गोताखोरों और राहत दल की मदद से नदी में गिरे बाकी लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के पास न जाने की अपील की है और क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है।