सीतापुर में CM योगी का बड़ा संदेश : बोले– ‘बंट गए तो कटने के रास्ते खुल जाएंगे’, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों पर जताई चिंता
सीतापुर में CM योगी आदित्यनाथ ने कहा - ‘बंट गए तो कटने के रास्ते खुल जाएंगे’। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों पर चिंता जताते हुए सनातन और एकता का संदेश दिया।
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सीतापुर स्थित तपोधाम सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज आश्रम में आयोजित मूर्ति स्थापना दिवस और भव्य भंडारा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सनातन धर्म को राष्ट्र की आत्मा और शक्ति बताते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ऐतिहासिक उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की अर्थव्यवस्था, आश्रम व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को गहरी चोट पहुंचाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत फिर से एक मजबूत वैश्विक शक्ति के रूप में उभरा है।
जाति और भाषा के नाम पर विभाजन से सावधान रहने की अपील
सीएम योगी ने जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने वाले तत्वों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन सनातन संस्कृति आज भी गरिमा और मजबूती के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश दिया और शरण मांगने वालों को पनाह दी, लेकिन कुछ लोगों ने इस विश्वास का दुरुपयोग किया।
मुगलों और अंग्रेजों पर तीखा प्रहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुगल और अंग्रेजी शासन के दौरान भारत के हस्तशिल्प, किसान और पारंपरिक उद्योगों को बर्बाद किया गया। उन्होंने बताया कि 1947 में आज़ादी के समय भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी घटकर सिर्फ 2 प्रतिशत रह गई थी, जिसे अब दोबारा सशक्त किया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भारत की संस्कृति समदृष्टि की है। यहां नागपंचमी पर जहरीले सांप को भी दूध पिलाया जाता है। हमने हर शरणार्थी को अपनाया, लेकिन कुछ लोगों ने विश्वासघात किया और देश को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी।”
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को लेकर विपक्ष पर सवाल
सीएम योगी ने बांग्लादेश में हिंदुओं, विशेषकर दलित हिंदुओं पर हो रहे हमलों, हत्याओं और घर जलाने की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने सवाल किया कि जब पीड़ित हिंदू हैं, तो मानवाधिकार संगठन और बड़े नेता चुप क्यों हैं?
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर केवल कुछ हिंदू संगठन और धर्माचार्य ही आवाज उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगाह किया कि यदि सनातन कमजोर पड़ा तो देश का अस्तित्व संकट में आ सकता है।
‘एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे’
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पहले कौर से लेकर अंतिम कौर तक समता और करुणा का भाव है।
सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा, “दुश्मन भारत पर नजरें गड़ाए बैठा है। अगर हम बंट गए, तो कटने के रास्ते अपने आप खुल जाएंगे।” उन्होंने कहा कि भारत तेजी से एक वैश्विक शक्ति बन रहा है और इस यात्रा की नींव सनातन धर्म और सामाजिक एकता है।



