New Delhi-भारत के सहयोग के लिए श्रीलंका ने कहा धन्यवाद, दिल्ली में हुआ ‘थैंक यू भारत’ कार्यक्रम
New Delhi-श्रीलंका को भारत द्वारा दिए गए सहयोग और सहायता के लिए आभार जताने के उद्देश्य से 8 फरवरी को राजधानी दिल्ली में ‘थैंक यू भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने भी हिस्सा लिया।
यह आयोजन भारत की महाबोधि सोसाइटी द्वारा श्रीलंकाई उच्चायोग के सहयोग से मंदिर मार्ग स्थित ऐतिहासिक बुद्ध विहार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हाल ही में आए चक्रवात दितवाह के बाद श्रीलंका में भारत द्वारा किए गए राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए धन्यवाद प्रकट करना था।
इस अवसर पर भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोन ने कहा कि बुद्ध विहार जैसे पवित्र स्थल पर इस कार्यक्रम का आयोजन होना सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि यह स्थान श्री अनागरिका धर्मपाल और महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्वों के विचारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्ध विरासत से जुड़े मजबूत संबंधों पर भी प्रकाश डाला।
विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि चक्रवात के बाद श्रीलंका में भारत द्वारा किए गए राहत प्रयासों की सराहना के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय श्रीलंका के साथ खड़ा रहना भारत की प्राथमिकता रही है, जो दोनों देशों के गहरे सभ्यतागत और जनसंपर्क संबंधों को दर्शाता है।
गौरतलब है कि चक्रवात दितवाह के कारण श्रीलंका में भारी तबाही हुई थी, जिसमें जान-माल का व्यापक नुकसान हुआ। इस आपदा के बाद भारत ने सबसे पहले सहायता पहुंचाई। भारतीय सेना और एनडीआरएफ की टीमों ने राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके साथ ही भारत ने श्रीलंका के लिए 450 मिलियन डॉलर के सहायता पैकेज की घोषणा भी की, जिस पर अमल शुरू हो चुका है। भारत ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत लगातार श्रीलंका की मदद करता आ रहा है।



