UP News : योगी सरकार सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में देगी आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज

UP News : यूपी में सभी 13 कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज मिलेगा। योगी सरकार जल्द 12 अस्पतालों से एमओयू साइन करेगी, गंभीर मरीजों को पिक एंड ड्रॉप सुविधा भी।

UP News : आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी 13 कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

वर्तमान में प्रयागराज के कैंटोनमेंट अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से निशुल्क उपचार मिल रहा है। इसके सकारात्मक परिणामों को देखते हुए अब शेष 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों को भी योजना से जोड़ा जाएगा।

जल्द साइन होगा एमओयू

स्टेट हेल्थ एजेंसी (SACHIS) द्वारा 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ एमओयू साइन करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एमओयू के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को इलाज की सुविधा मिलेगी।

इन अस्पतालों के जुड़ने से प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत पैनल्ड अस्पतालों की संख्या बढ़ेगी और गंभीर रोगियों को विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी।

मुफ्त ओपीडी, जांच और पिक-एंड-ड्रॉप सुविधा

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी 2026 से कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और मेडिकल-सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। यहां मरीजों को मुफ्त ओपीडी अप्वाइंटमेंट, मुफ्त जांच, गंभीर मरीजों को निशुल्क पिक एंड ड्रॉप सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों को आयुष्मान योजना के पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे उपचार, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होगी।

गरीब मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

इस फैसले से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा सुलभ होगी। साथ ही सेना क्षेत्र के आधुनिक अस्पतालों की सुविधाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचेगा और सरकारी अस्पतालों पर दबाव भी कम होगा।

योगी सरकार का यह कदम आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button