UP News:वाराणसी में उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 46 केन्द्रों पर होगी,स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की लगेगी ड्यूटी

अपर पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन सभागार में की ब्रीफिंग

UP News:उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को वाराणसी में कराई जाएगी। जिले में इसके लिए कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है।


डीएम और अपर पुलिस आयुक्त ने ली तैयारी बैठक

परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा सह केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।


सीसीटीवी निगरानी और डीवीआर से होगी मॉनिटरिंग

डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पहले परीक्षा केंद्रों को सेनिटाइज कराया जाए और कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग की जाए। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और डीवीआर के माध्यम से लगातार रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए।


अभ्यर्थियों के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।


अधिकारियों को दी गई प्रक्रिया की जानकारी

बैठक में भर्ती बोर्ड से आए सदस्यों ने परीक्षा के दौरान सील बुकलेट खोलने, प्रश्नपत्र वितरण, अनुपस्थित अभ्यर्थियों की प्रक्रिया, वेरिफिकेशन सीट भरने और वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी अधिकारियों को दी।


ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एडीएम (सिटी) आलोक कुमार वर्मा, परीक्षा से जुड़े सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा सभी केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

 

Read Also-केदारनाथ-बदरीनाथ में गैर-सनातनियों की एंट्री पर रोक का प्रस्ताव पास, यात्रा सत्र 2026-27 के लिए 121 करोड़ का बजट

Related Articles

Back to top button