Hardoi News : CBI की बड़ी कार्रवाई : हरदोई में BSP के पूर्व जिलाध्यक्ष और बैंक मैनेजर रिश्वत लेते गिरफ्तार
Hardoi News : हरदोई में CBI ने BSP के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र चौधरी और बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर को ₹45 हजार रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लोन में घूस लेने का आरोप।
Hardoi News : Central Bureau of Investigation (CBI) ने उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र चौधरी और बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर पीयूष कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लोन मंजूर कराने के बदले ₹45,000 रिश्वत लेने का आरोप है।
CBI अधिकारियों के अनुसार, Bahujan Samaj Party से जुड़े रहे सुरेश चंद्र चौधरी बैंक से संबद्ध रिकवरी एजेंट के रूप में भी काम करते हैं और क्षेत्र में एक बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (BC) पॉइंट संचालित करते हैं। उन्हें कथित रूप से शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते समय ट्रैप ऑपरेशन में रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
मामले की शुरुआत सीमा देवी की शिकायत से हुई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने राज्य सरकार की योजना के तहत ₹5 लाख का लोन लेने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि Bank of Baroda की कछौना शाखा के मैनेजर पीयूष कुमार ने लोन मंजूर कराने और राशि निकालने की अनुमति देने के बदले ₹45,000 की मांग की थी। शिकायतकर्ता को यह रकम सुरेश चंद्र चौधरी के माध्यम से देने को कहा गया था।
शिकायत मिलने के बाद CBI की एंटी करप्शन शाखा, लखनऊ ने भारतीय न्याय संहिता और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 के तहत मामला दर्ज किया और ट्रैप ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान चौधरी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, CBI टीम ने उन्हें हरदोई के निर्मलपुर सफिया गांव में एक बैठक के दौरान हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए कछौना स्थित रेलवे गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां कई घंटों तक पूछताछ चली।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों के पास उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति तो नहीं है।



