Kheri News : कुत्ते को भगाने पर बवाल, दबंगों ने घर में घुसकर परिवार को पीटा

Kheri News : लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में कुत्ते को भगाने पर दबंगों ने घर में घुसकर परिवार को पीटा। मन्नू गंज में घटना से दहशत, पुलिस से कार्रवाई की मांग।

Kheri News : लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ कस्बे के मन्नू गंज मोहल्ले में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पालतू कुत्ते को घर के सामने से हटाने की बात पर दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

क्या है पूरा मामला

मोहल्ला मन्नू गंज निवासी शफीक खां के पुत्र अफरोज ने मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे अपने घर के सामने बैठे एक कुत्ते को वहां से हटा दिया था। इसी बात से नाराज पड़ोसी इस्लाम अपने 3-4 साथियों के साथ अफरोज की दुकान पर पहुंच गया।

आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कहा, “हमारे कुत्ते को क्यों भगाया?” विरोध करने पर आरोपी दुकान के अंदर घुस गए और अफरोज की लात-घूंसों और डंडों से पिटाई कर दी।

घर में घुसकर हमला

पीड़ित पक्ष के अनुसार, जब शोर सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हुए तो हमलावर कुछ देर के लिए चले गए। लेकिन इसके बाद आरोपी ने फोन कर 8-10 और लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर शफीक खां के घर पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने घर में घुसकर उनके अन्य बेटों फिरोज और नफीस को भी बुरी तरह पीटा।

मोहल्ले में दहशत

पीड़ित शफीक खां का कहना है कि आरोपी के पालतू कुत्ते पहले भी कई बच्चों को काट चुके हैं, जिससे मोहल्ले में पहले से डर का माहौल था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और बढ़ गई है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह पीड़ितों को हमलावरों से बचाया।

कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी अक्सर विवाद करते रहते हैं और अब उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button