काशी विश्वनाथ धाम में नवरात्रि का भव्य आगाज़ : गंगा आरती और सांस्कृतिक संध्या में उमड़ा जनसैलाब

Varanasi News : काशी विश्वनाथ धाम में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल।

Varanasi News : श्री काशी विश्वनाथ धाम में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन गुरुवार को भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ। मंदिर न्यास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और “जय मां गंगा” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

गंगा तट पर आयोजित आरती में मंत्री रविंद्र जायसवाल, नीलकंठ तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, अवधेश सिंह, मंडलायुक्त एस राज लिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

इसके साथ ही धाम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। शिवार्चनम मंच पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर ऋत्विक सान्याल ने ध्रुपद गायन से वातावरण को भक्तिरस से भर दिया, वहीं सुनंदा शर्मा ने भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। इसके अलावा राजेंद्र गंगानी के कथक नृत्य ने भारतीय शास्त्रीय कला की शानदार झलक पेश की।

मंदिर न्यास का कहना है कि ऐसे आयोजन सनातन परंपराओं के संरक्षण और संस्कृति के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button