UP DGP Appointment : यूपी में स्थायी DGP नियुक्ति पर अड़चन, UPSC ने प्रस्ताव लौटाया
UP DGP Appointment : उत्तर प्रदेश में स्थायी DGP नियुक्ति पर ब्रेक लग गया है। UPSC ने प्रस्ताव में खामियां बताकर उसे वापस किया, अब नई गाइडलाइन के अनुसार फिर से भेजा जाएगा।
UP DGP Appointment : उत्तर प्रदेश में स्थायी DGP की नियुक्ति फिलहाल अटक गई है। संघ लोक सेवा आयोग ने राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए उसे वापस कर दिया है। आयोग ने निर्देश दिया है कि 2025 की नई गाइडलाइन और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप संशोधित प्रस्ताव तीन महीने के भीतर दोबारा भेजा जाए।
सरकार के प्रस्ताव में राजीव कृष्ण का नाम प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आया था। उन्हें 31 मई 2025 को कार्यवाहक DGP नियुक्त किया गया था और वे लगातार पांचवें कार्यवाहक DGP हैं। उन्होंने प्रशांत कुमार की जगह ली थी।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार द्वारा भेजा गया प्रस्ताव पुराने प्रारूप पर आधारित था। जबकि नई गाइडलाइन में पैनल भेजने में देरी के कारणों का उल्लेख करना अनिवार्य किया गया है। इसी तकनीकी खामी के चलते UPSC ने प्रस्ताव लौटा दिया।
इस बीच, वरिष्ठ IPS अधिकारी रेणुका मिश्रा को DGP की दौड़ से बाहर कर दिया गया है। 2024 में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में उनकी भूमिका को लेकर सरकार ने उन्हें जिम्मेदार ठहराया था।
बताया जा रहा है कि गृह विभाग नई गाइडलाइन के अनुसार प्रस्ताव को संशोधित कर रहा है और जल्द ही इसे दोबारा UPSC को भेजा जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि नए पैनल में भी राजीव कृष्ण का नाम शीर्ष दावेदारों में शामिल रहेगा।



