Bihar Politics : बिहार की सत्ता में नया फार्मूला, जानिये अब कौन बनेगा ‘बड़ा भाई’
Bihar Politics : बिहार में BJP और JDU के बीच सत्ता संतुलन बदलने की चर्चा तेज। नए फॉर्मूले में BJP का CM और JDU के दो डिप्टी CM बनने की संभावना।
Bihar Politics : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सत्तारूढ़ गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के बीच नए सत्ता संतुलन की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत बीजेपी मुख्यमंत्री पद संभाल सकती है, जबकि जेडीयू को दो उपमुख्यमंत्री पद दिए जा सकते हैं।
मौजूदा समय में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार चल रही है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि वे जल्द ही पद छोड़ सकते हैं। बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल से वे राज्यसभा सदस्य के रूप में नई भूमिका निभा सकते हैं।
राजनीतिक गलियारों में सम्राट चौधरी का नाम संभावित मुख्यमंत्री के रूप में चर्चा में है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी कोई घोषणा नहीं हुई है।
सत्ता का नया फॉर्मूला
सूत्रों के मुताबिक, नए समीकरण में बीजेपी को मुख्यमंत्री पद के साथ लगभग 15 मंत्री पद मिल सकते हैं, जबकि जेडीयू को दो उपमुख्यमंत्रियों समेत 16 मंत्री पद दिए जाने की संभावना है। गृह मंत्रालय और विधानसभा अध्यक्ष का पद बीजेपी के पास ही रह सकता है, जबकि विधान परिषद सभापति का पद जेडीयू को मिल सकता है।
निशांत कुमार की एंट्री पर नजर
इस पूरे घटनाक्रम में निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को भी अहम माना जा रहा है। चर्चा है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, हालांकि इस पर भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
चुनावी रणनीति पर फोकस
विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। गठबंधन 2029 के लोकसभा और 2030 के विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत रणनीति बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
हालांकि, अभी तक इन सभी बदलावों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे बड़े सत्ता परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।



