adevertisment Adevertiisment banner

निवेश मित्र 3.0 लॉन्च : सीएम योगी का सख्त संदेश- अपराधियों को नहीं बख्शा जाएगा

लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने निवेश मित्र 3.0 लॉन्च किया। 43 विभागों की सेवाएं एक मंच पर, 50 हजार करोड़ निवेश और 50 हजार रोजगार की संभावना।

लखनऊ: योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में ‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल को रेखांकित करते हुए अपराध और माफिया के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी अपराधी या माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की छवि निवेश के लिहाज से कमजोर थी, लेकिन अब पारदर्शी नीतियों, मजबूत कानून-व्यवस्था और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते प्रदेश निवेशकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है।

उन्होंने बताया कि ‘निवेश मित्र 3.0’ के तहत 43 विभागों की 530 सेवाओं को सरल बनाकर 200 से कम सेवाओं में समेकित किया गया है। इस प्लेटफॉर्म में पैन आधारित सिंगल यूजर आईडी, एआई चैटबॉट, रियल-टाइम ट्रैकिंग और एंड-टू-एंड ऑनलाइन मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे उद्योग स्थापित करना आसान होगा।

कार्यक्रम के दौरान 45 कंपनियों को इंसेंटिव और 62 कंपनियों को लेटर ऑफ कंफर्ट (LOC) प्रदान किए गए। इन प्रस्तावों से करीब 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश और 50 हजार रोजगार सृजन की संभावना जताई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों का विश्वास प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है और सरकार ‘जीरो करप्शन’ नीति के तहत उद्योगों के लिए बेहतर माहौल सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने उद्योगों में किसी भी प्रकार की बाधा या अराजकता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Related Articles

Back to top button