Bihar: ‘न्याय नहीं मिला तो जान दे देंगे’, सारण जनकल्याण संवाद में रो पड़ा सैनिक

जमीन विवाद से परेशान सैनिक ने जनसंवाद में सुनाई दर्द भरी कहानी, सरकार ने तुरंत कार्रवाई का दिया भरोसा

Bihar: सारण में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम के दौरान एक भावुक दृश्य सामने आया, जब एक सैनिक अपनी पीड़ा बताते-बताते रो पड़ा। पीड़ित सैनिक सहदेव कुमार ने बताया कि जमीन विवाद ने उनके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।

कार्यक्रम में मौजूद विजय कुमार सिन्हा के सामने सहदेव कुमार ने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद के कारण उनके पिता की मौत हो गई, जबकि उनके चाचा ब्रेन हैमरेज से पीड़ित हैं। लगातार न्याय न मिलने से परेशान होकर उन्होंने भावुक अंदाज में आत्महत्या तक की बात कह दी।

सैनिक ने यह भी बताया कि वह लंबे समय से प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने जिला प्रशासन पर भरोसा जताया, लेकिन स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने की शिकायत की।

इस दौरान माहौल काफी भावुक हो गया। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सैनिक को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।

Also Read: Dating App: शादी के बाद भी जरूरतें अधूरी? शादीशुदा लोग अब तलाश रहे नए कनेक्शन

सिन्हा ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और प्राथमिकता के आधार पर समाधान निकाला जाए। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को विशेष रूप से निर्देशित किया कि सैनिकों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों, दिव्यांगों और विधवाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाए।

सरकार की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस घटना ने जमीन विवाद से जुड़े मामलों की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button