Food Safety Raid UP: एसिड और केमिकल से बन रही थी नकली टमाटर सॉस, हापुड़ में छापा, 200 लीटर जहरीला माल बरामद
छापेमारी के दौरान एसिड और केमिकल से बनी करीब 200 लीटर संदिग्ध सॉस बरामद की गई, जिसे स्थानीय बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था।
Food Safety Raid UP: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली टमाटर सॉस बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान करीब 200 लीटर संदिग्ध और मिलावटी सॉस बरामद की गई, जिसे बेहद गंदी परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इलाके में सस्ती और घटिया गुणवत्ता वाली सॉस बाजार में बेची जा रही है। इसके बाद टीम ने पन्नापुरी इलाके में एक मकान पर छापेमारी की, जहां सॉस बनाने का खतरनाक खेल चल रहा था। जांच में सामने आया कि इस सॉस को बनाने में टमाटरों का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि सॉस को लाल रंग और गाढ़ापन देने के लिए एसिड, सड़े-गले पदार्थ और प्रतिबंधित सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर मौजूद संदिग्ध सॉस, कच्चा माल और उपकरणों को तुरंत जब्त कर लिया गया और नमूनों को लैब जांच के लिए भेज दिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि यह जहरीला सॉस स्थानीय बाजारों, ढाबों और सड़क किनारे लगने वाले ठेलों पर सप्लाई किया जा रहा था। इससे आम लोगों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सॉस को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
Also Read: IPL 2026 Vaibhav Suryavanshi: पहली गेंद पर छक्का, क्या डरे थे वैभव सूर्यवंशी? खुद किया खुलासा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मिलावटी खाद्य पदार्थ शरीर के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे केमिकल और सिंथेटिक रंग पेट, लिवर और किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। फिलहाल, प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि खुले और बिना ब्रांड वाले खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें।
Written By: Kalpana Pandey



