adevertisment Adevertiisment banner

UP News : कानपुर की प्राचीन पांडुलिपियां होंगी डिजिटल, योगी सरकार के ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ को मिला तेज़ी

UP News : उत्तर प्रदेश के कानपुर में ज्ञान भारतम् मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण होगा। ऐप आधारित सर्वे से भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की तैयारी।

UP News : उत्तर प्रदेश में भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और उसे वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के लिए ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में कानपुर नगर में प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण और डिजिटलीकरण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि जिले के मंदिरों, मठों, आश्रमों, संस्कृत पाठशालाओं, पुस्तकालयों और निजी संग्रहों में सदियों पुरानी पांडुलिपियां सुरक्षित हैं। इन पांडुलिपियों में धर्म, दर्शन, आयुर्वेद, ज्योतिष, इतिहास और साहित्य से जुड़ा अमूल्य ज्ञान संचित है, जिसे अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से संरक्षित किया जाएगा।

ऐप के जरिए होगा सर्वे

इस अभियान के तहत ‘ज्ञान भारतम्’ मोबाइल ऐप की मदद से सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वे टीम पांडुलिपियों की पहचान कर उनका जीपीएस लोकेशन, फोटो, संख्या और वर्तमान स्थिति ऐप में अपलोड करेगी। इसके बाद विशेषज्ञ टीम इनका डिजिटलीकरण करेगी।

वैश्विक स्तर पर मिलेगा अध्ययन का अवसर

प्रशासन का मानना है कि डिजिटलीकरण के बाद ये पांडुलिपियां देश-विदेश के शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और अध्येताओं के लिए उपलब्ध होंगी। इससे भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच मिलेगा और नई पीढ़ी इससे जुड़ सकेगी।

स्वामित्व रहेगा सुरक्षित

बैठक में स्पष्ट किया गया कि पांडुलिपियों का स्वामित्व मूल संग्रहकर्ताओं के पास ही रहेगा। प्रशासन केवल उनके संरक्षण और डिजिटलीकरण का कार्य करेगा, जिससे धरोहर सुरक्षित रहते हुए ज्ञान का व्यापक प्रसार संभव हो सके।

सरकार की यह पहल सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ-साथ ज्ञान आधारित समाज के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button