घोसी, मऊ। एसडीएम अशोक कुमार सिंह का सख्त रुख, फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के निर्देश
घोसी, मऊ। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पहाड़पुर, विजपुरा, मिश्रौली, रजपुरा, भीरा, भेलउर चंगेरी तथा पीउवाताल गांवों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा किया जाए और लक्ष्य को बढ़ाते हुए अधिक रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र किसान का पंजीकरण समयबद्ध ढंग से होना चाहिए।
अशोक कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से कहा, वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
इस दौरान उन्होंने कैंपों में मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखी गई और कार्य में तेजी लाने की पहल शुरू कर दी गई।
जिला संवाददाता, एक संदेश मऊ



