Sonbhadra News-किसान की बेटी से केंद्रीय वैज्ञानिक तक: सोनभद्र की शिवांगी दुबे ने UPSC में हासिल की AIR-9
Sonbhadra News – From a farmer’s daughter to a central government scientist: Shivangi Dubey from Sonbhadra secures AIR 9 in UPSC.
Sonbhadra News-सोनभद्र की बेटी शिवांगी दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग की भू-वैज्ञानिक परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-9 हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस सफलता के साथ उनका चयन केंद्रीय जल एवं भूगर्भ मंत्रालय में वैज्ञानिक के पद पर हुआ है। किसान परिवार की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।
शिवांगी की कहानी संघर्ष और सफलता की मिसाल है। साधारण किसान परिवार में जन्मी शिवांगी के पिता किसान और मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। आज बेटी ने उनके संघर्ष को सार्थक कर दिया।
शिवांगी ने LKG से 12वीं तक की पढ़ाई सोनभद्र के प्रकाश जीनियस स्कूल से की। स्कूल में वह शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं। 12वीं के बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से बीएससी जियो-फिजिक्स की पढ़ाई की।
शिवांगी बताती हैं, “BHU में एडमिशन के लिए एंट्रेंस में काफी मुश्किल हुई, मनोबल टूटने लगा था, लेकिन प्रोफेसरों के सहयोग और माता-पिता के विश्वास ने हिम्मत दी।”
UPSC से पहले ही शिवांगी पीएचडी, CSIR-NET और JRF जैसी कठिन परीक्षाएं पास कर चुकी हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा, “जब भी निराश होती थी, माता-पिता कहते थे- बेटा तुम कर सकती हो।”
खबर मिलते ही घर में जश्न का माहौल है। दादा पंच्चानन्द दुबे ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। पिता सी बी दुबे ने कहा यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।
शिवांगी अब युवाओं खासकर ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनका कहना है, “सपने देखने से डरो मत, लगन और मेहनत से कोई मंजिल दूर नहीं।” जल्द ही वह केंद्रीय मंत्रालय में वैज्ञानिक के रूप में देश सेवा शुरू करेंगी।
रिपोर्ट -अमित मिश्रा, सोनभद्र



