Pratapgarh News-श्रीराम दरबार व हनुमान जी की मूर्ति स्थापना पर निकली भव्य शोभा यात्रा, हुई पुष्पवर्षा
Pratapgarh News-नगर पंचायत के शीतलमऊ वार्ड स्थित पहलवान साहब वीर बाबा धाम में शुक्रवार को श्रीराम दरबार एवं हनुमान जी महाराज की मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जो अबीर-गुलाल उड़ाते हुए धाम से इंदिरा चौक, श्रीहनुमत निकेतन, रायबरेली रोड स्थित परमानंद आश्रम होते हुए जंगली वीर बाबा धाम पहुंचे। इस दौरान पूरे नगर में श्रीराम व हनुमान जी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
नगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने शोभा यात्रा का स्वागत करते हुए भगवान श्रीराम दरबार पर पुष्पवर्षा की।
वहीं वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिविधान से श्रीराम दरबार एवं हनुमान जी महाराज की मूर्ति स्थापना संपन्न हुई। आयोजन के उपरांत भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें देर शाम तक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शोभा यात्रा में चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी एवं रूरल बार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। संयोजक समिति के छविराज सिंह, विक्रम सिंह, प्रमोद सिंह, पंकज सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह व सौरभ सिंह ने पूजन-अर्चन की व्यवस्था संभाली।
कार्यक्रम में महिला श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत की सुंदर प्रस्तुतियां भी दीं। इस मौके पर रामचंद्र त्रिपाठी, अर्जुन सिंह, शैलेष सिंह, संतोष सिंह, अंशू सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Read Also-सोशल मीडिया की लत पर लगाम: जापान लाएगा सख्त नियम, बच्चों की सुरक्षा पर फोकस



