International News: एक और ‘टारगेट किलिंग’! हमास का खुफिया चीफ ढेर… क्या 7 अक्टूबर का हिसाब पूरा हुआ?

इजरायल का बड़ा दावा-हमास के मिलिट्री इंटेलिजेंस ऑपरेशंस हेड शंबारी मारा गया, गाजा में फिर बढ़ा तनाव

International News: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच इजरायल ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने हमास के मिलिट्री इंटेलिजेंस ऑपरेशंस के प्रमुख इयाद अहमद अब्द अल-रहमान शंबारी को एक लक्षित हमले में मार गिराया है। इजरायली सेना इजरायली रक्षा बल (IDF) के अनुसार, शंबारी 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमले के प्रमुख योजनाकारों में शामिल था।

 लक्षित हमले में मौत, इजरायल का बड़ा ऑपरेशन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजा सिटी के अल-रिमाल इलाके में एक ड्रोन स्ट्राइक के दौरान एक कार को निशाना बनाया गया। इस हमले में चार लोगों की मौत हुई, जिनमें शंबारी और उसका बेटा भी शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय एजेंसियों का कहना है कि इस हमले में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

 हमास के ‘रणनीतिक दिमाग’ के तौर पर पहचान

इजरायल का दावा है कि शंबारी हमास के उन चुनिंदा कमांडरों में था जो इजरायल के खिलाफ बड़े हमलों की रणनीति तैयार करते थे। वह मिलिट्री इंटेलिजेंस विंग में ऑपरेशंस का प्रमुख था और उसका काम खुफिया जानकारी जुटाना, हमलों की योजना बनाना और युद्ध के दौरान संसाधनों का समन्वय करना था।

सैन्य विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे उच्च स्तर के अधिकारी का मारा जाना हमास की ऑपरेशनल क्षमता और कमांड स्ट्रक्चर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

International News: Peru F-16 Deal! अमेरिका के दबाव में पेरू ने फाइनल की डील, राफेल और ग्रिपेन को लगा झटका

 7 अक्टूबर हमले के बाद जारी है कार्रवाई

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले के बाद से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर युद्ध छिड़ गया था। इसके जवाब में इजरायल ने गाजा पट्टी में व्यापक सैन्य अभियान शुरू किया था।

हालांकि हाल के महीनों में युद्धविराम की कोशिशें हुई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हिंसा पूरी तरह थमी नहीं है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लगातार युद्धविराम उल्लंघन के आरोप लगाते रहे हैं।

गाजा में जारी हिंसा और बढ़ती चिंता

गाजा पट्टी के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, संघर्ष के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है, जिनमें आम नागरिक भी शामिल हैं। युद्धविराम लागू होने के बाद भी सैकड़ों लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में मानवीय संकट और गहरा गया है।

इजरायल द्वारा शंबारी को मार गिराने का दावा इस बात का संकेत है कि 7 अक्टूबर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ उसकी कार्रवाई अभी भी जारी है। हालांकि, इस तरह की टारगेटेड स्ट्राइक से तनाव कम होने के बजाय और बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है। आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि क्या इस घटनाक्रम से क्षेत्र में शांति प्रक्रिया आगे बढ़ती है या संघर्ष और तेज होता है।

Written By: Anushri Yadav

Related Articles

Back to top button