Business News-रिलायंस के तूफान में आसमान पर पहुंचा शेयर बाजार, निवेशकों ने कमाए 7 लाख करोड़ रुपये
Business News - Stock market soars on the back of a 'Reliance storm'; investors gain Rs 7 lakh crore
Business News- रिलायंस के शेयरों में छह साल की सबसे बड़ी तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी के दम पर भारतीय शेयर बाजार आज लगातार तीसरे कारोबारी दिन शानदार बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। बाजार में आज चौतरफा मजबूती का माहौल बना रहा, जिसके चलते दिग्गज शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जम कर खरीदारी हुई। इस चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मुख्य सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर (डे-हाई) पर बंद होने में सफल रहे। बाजार की जोरदार मजबूती के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में लगभग सात लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई।
आज के कारोबार के दौरान शुरुआत से ही बाजार में मजबूती का माहौल बना रहा, जिसमें हैवीवेट शेयरों में हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक पूरे समय हरे निशान में ही बने रहे। दिन के दूसरे सत्र में यानी दोपहर 12 बजे के बाद मुनाफावसूली का दबाव भी बना, लेकिन कुछ देर बाद ही खरीदारों ने चौतरफा लिवाली कर सूचकांकों को डे-हाई पर पहुंचा दिया। पूरे दिन के शानदार कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.66 प्रतिशत और निफ्टी 1.68 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 718.71 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,178.24 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक ने रफ्तार पकड़ ली। हालांकि दोपहर 12 बचे के बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव भी बना, जिससे यह सूचकांक थोड़ा फिसल कर 74,978.12 अंक के निचले स्तर तक आ गया। इसके बाद रिलायंस और मेटल सेक्टर के हैवीवेट शेयरों में तूफानी खरीदारी शुरू हो गई, जिससे यह सूचकांक निचले स्तर से 714.66 अंक उछल कर कुल 1,233.25 अंक यानी 1.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,692.78 अंक के दिन के ऊपरी स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने भी आज 169.20 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की तेजी दिखाते हुए 23,222.30 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद शुरुआती सत्र में लिवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक ने भी कुलांचे भरना शुरू कर दिया। हालांकि दिन के दूसरे सत्र की शुरुआत में बिकवाली का दबाव भी बना, जिसके कारण यह सूचकांक लुढ़क कर 23,207.05 अंक के निचले स्तर तक आ गया।
इसके बाद खरीदार पूरी तरह एक्टिव हो गए और बाजार में चौतरफा लिवाली शुरू कर दी। इस लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक तेजी से आगे बढ़ा और 23 सितंबर के बाद पहली बार 23,400 अंक के स्तर को पार करते हुए, दिन के निचले स्तर से 233.75 अंक की शानदार रिकवरी कर कुल 387.70 अंक यानी 1.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,440.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक देखने को मिली। जबरदस्त लिवाली के चलते निफ्टी का मेटल इंडेक्स 3 प्रतिशत से भी अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह ऑटोमोबाइल सेक्टर भी अक्टूबर महीने के मजबूत सेल्स डेटा के चलते खरीदारों के रडार पर रहा, जिससे निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1.33 प्रतिशत की मजबूती दर्ज करने में सफल रहा।
इसके अलावा सरकारी बैंक (पीएसयू बैंक) और रियल्टी इंडेक्स भी एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली देखी गई, जिसके चलते निफ्टी का आईटी इंडेक्स आधा प्रतिशत टूट कर बंद हुआ। इसके अलावा फार्मा और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में भी आज हल्की गिरावट का रुख देखा गया।
ब्रॉडर मार्केट और सेक्टोरल फ्रंट पर आज ज्यादातर इंडेक्स दबाव से उबरकर बढ़त बनाने में कामयाब रहे। पिछले कारोबारी सत्रों के विपरीत आज मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में अच्छी मजबूती रही। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स आज के कारोबार के अंत में 1.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारों का अच्छा असर दिखा, जिसकी वजह से निफ्टी का स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ।
बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी के डे-हाई पर बंद होने और ब्रॉडर मार्केट में हुई इस चौतरफा खरीदारी के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में करीब 7 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र के बंद होने पर 475.35 लाख करोड़ रुपये था, जो आज के कारोबार की समाप्ति पर बढ़ कर 482.34 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच गया। इस तरह बाजार की इस तेज छलांग की बदौलत निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.99 लाख करोड़ रुपये का बड़ा मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों पर नजर डालें तो बाजार में बढ़त का रुख पूरी तरह हावी था, जहां 2,889 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे, जबकि 1,577 शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा और वे लाल निशान में बंद हुए। वहीं 226 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।
इसी तरह एनएसई में आज 3,295 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2.259 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,036 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर बढ़त के साथ और 7 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर के शानदार कारोबार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर 11.60 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ 1,300 रुपये के भाव पर बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके बाद टाटा स्टील 5.83 प्रतिशत की छलांग लगाकर 177.37 रुपये, जेएसडब्ल्यू स्टील 5.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,309.90 रुपये, कोल इंडिया 4.88 प्रतिशत के उछाल के साथ 408 रुपये और श्रीराम फाइनेंस 4.88 प्रतिशत की मजबूती के साथ 863.35 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में बंद हुए।
दूसरी ओर, बाजार की इस भारी तेजी के बावजूद बिकवाली के दबाव में फंसी दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस 2.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,161 रुपये पर बंद होकर टॉप लूजर रही। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,387.40 रुपये, कोटक महिंद्रा बैंक 0.70 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 458.35 रुपये, एचडीएफसी लाइफ 0.50 प्रतिशत टूट कर 522.25 रुपये और सन फार्मा 0.43 प्रतिशत की मंदी के साथ 1,770 रुपये के भाव पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
Read Also-Bollywood News Today-‘रामायण’ में लक्ष्मण बने रवि दुबे, दमदार योद्धा के रूप में नया पोस्टर जारी



