हरदोई हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले अखिलेश यादव, CBI जांच की उठी मांग

Akhilesh Yadav:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र स्थित गढ़ी रसूलपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिवार के साथ करीब 45 मिनट तक बातचीत करने के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल की शाम 26 वर्षीय शिल्पी कुशवाहा घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान गांव के एक युवक ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में मुख्य आरोपी और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामले में लापरवाही के आरोपों के बाद संबंधित थाना प्रभारी को भी निलंबित किया गया।

परिवार ने रखीं प्रमुख मांगें

पीड़ित परिवार ने अखिलेश यादव के सामने मामले की CBI जांच कराने, आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने, संपत्ति जब्त करने और सख्त कार्रवाई की मांग रखी।

इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि परिवार की जो मांग है, वही उनकी भी मांग है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

सरकार पर बोला हमला

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कई गंभीर घटनाओं में अब तक पीड़ित परिवारों को पूरी तरह न्याय नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पहले मामलों को दबाने की कोशिश करती है और बाद में दबाव बढ़ने पर कार्रवाई करती है।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार अन्य मामलों में सख्त कार्रवाई का दावा करती है, तो इस मामले में भी समान कार्रवाई होनी चाहिए।

आर्थिक सहायता का ऐलान

मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी और भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक समाजवादी पार्टी परिवार के साथ खड़ी रहेगी।

Read Also-Before Counting-मतगणना से पहले कलकत्ता हाई कोर्ट में दो याचिकाएं, चुनाव आयोग के फैसलों को चुनौती

Related Articles

Back to top button